मनोज तिवारी ने कहा- देश का जनादेश सिर आंखों पर

दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ते देखकर भाजपा ने हार स्वीकार कर ली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हार की समीक्षा करने की बात कही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, 'भाजपा दिल्ली की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करती है। सभी कार्यकर्ताओं ने इस चुनाव में अथक परिश्रम किया और दिन रात चुनाव में लगे रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं का ह्रदय से अभिनंदन और साधुवाद।'एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'भाजपा इस जनादेश को स्वीकारते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और प्रदेश के विकास से जुड़े हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। इस विश्वास के साथ की आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली का विकास करेगी, मैं श्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी को बधाई देता हूं।'


भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हार की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जो कठिन परिश्रम किया है। उनकी मेहनत के लिए सबको साधुवाद देता हूं। सभी ने बहुत मेहनत की है। दिल्ली की जनता का ये जो जनादेश है, उसको सिर माथे रखते हुए मैं अरविंद केजरीवाल को बहुत बधाई देना चाहता हूं।' उन्होंने कहा कि दिल्ली को हम अपना समर्थन देते रहेंगे। हालांकि हमें उम्मीद है कि अब ब्लेम गेम कम हो और काम ज्यादा हो।

उन्होंने कहा कि हमने अपने हिसाब से काफी मेहनत की, लेकिन हमारी अपेक्षाएं खरी नहीं उतरीं। हम इसकी समीक्षा करेंगे। मनोज तिवारी ने कहा कि लगभग सात सीटों पर भाजपा को जीतना चाहिए।

वोट शेयर बढ़ा
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने हार पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा, 'कभी—कभी ऐसा होता है, जब आपके पक्ष में निर्णय नहीं हों तो मन निराश भी होता है। लेकिन यही धैर्य का समय होता है। मैं सभी कार्यकर्ताओं को कहता हूं कि निराश न हों। मुझे लगता है कि दिल्ली की जनता सोच समझकर ही जनादेश दिया होगा।' उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का वोट शेयर दिल्ली में 40 फीसदी के आसपास रहा है, जो कि काफी अच्छा है।

कांग्रेस लुप्त होने की कगार पर
मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में नए युग की शुरुआत हो रही है। अब आगे की तैयारियां उसी हिसाब से करनी होंगी। कांग्रेस लुप्त प्राय ही हो गई है। 2015 की तुलना में उनका वोट प्रतिशत लगभग आधा हो गया है।

नफरत की विकास की बात
भाजपा नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हमारी पार्टी नफरत की नहीं सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। चुनाव में बहुत सारी बातें होती हैं। जब जैसा माहौल होता है, वैसा होता है। हमने कभी नहीं चाहा कि लोगों का 60-60 दिन रास्ता रोका जाए। हम कल भी विरोधी थे और आज भी।